रविवार को आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। इसके बाद उन्होंने जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि जनजातीय समाज ने देश की संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में जनजातीय समुदाय के विकास के लिए लगभग 3200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत 10 आश्रम छात्रावास, 3 आवासीय विद्यालय, एक नया खेल छात्रावास और 250 नए मां-बाड़ी केंद्र खोले गए हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम-जनमन योजना के तहत बारां जिले के सहरिया क्षेत्र में 15 हजार 233 आवास, 23 संपर्क सड़कें और 15 नए बहुउद्देश्यीय केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही 51 वन-धन केंद्र गठित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से प्रदेश के 6 हजार 235 गांवों में रहने वाले लगभग 55 लाख जनजातीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निशुल्क संकर मक्का बीज मिनी किट कार्यक्रम के तहत 25 लाख से अधिक मिनी किट वितरित किए गए हैं। वहीं, 3 लाख 50 हजार से अधिक निशुल्क हाइब्रिड सब्जी बीज मिनी किट भी उपलब्ध करवाए गए हैं।
उन्होंने पीएम कुसुम योजना का उल्लेख करते हुए सोलर पंपों की स्थापना को भी किसानों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सौंध माटी आदि धरोहर प्रलेखन योजना शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि डूंगरपुर में डूंगर बरंडा और बांसवाड़ा में बांसिया चारपोटा के स्मारकों का निर्माण करवाया जा रहा है। वहीं, उदयपुर में वीर बालिका कालीबाई संग्रहालय भी बनाया जा रहा है।
इसके अलावा बारां के सीताबाड़ी, उदयपुर के कमलनाथ महादेव, जावर माता मंदिर और रामकुंडा महादेव मंदिर, सलूम्बर के सोनार माता मंदिर तथा बांसवाड़ा के सलाकेश्वर महादेव मंदिर का विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जनजातीय युवाओं की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान और देश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में समरकंद एशियन चैंपियनशिप में जनजातीय खिलाड़ियों ने लैक्रोस में रजत पदक हासिल किया था। वहीं, इस वर्ष रियाद एशियन लैक्रोस गेम्स में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक प्राप्त किए। इसके अलावा मलेशिया में आयोजित दक्षिण-पूर्व एशियाई लैक्रोस चैंपियनशिप-2026 में कांस्य पदक जीता।
कार्यक्रम में भारतीय महिला लैक्रोस टीम की कप्तान सुनीता मीना और राष्ट्रीय पुरुष टीम के उपकप्तान मोहनलाल गमेती ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उदयपुर में लैक्रोस एकेडमी की स्थापना और प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों, महिलाओं और युवाओं ने भी सरकारी योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव साझा किए।
समारोह के दौरान 'परम्परा से प्रगति की ओर विकास यात्रा' और जनजातीय क्षेत्रों के आस्था केंद्रों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर जनजाति क्षेत्र विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, विधायक फूल सिंह मीणा, महेंद्रपाल मीणा, अतिरिक्त मुख्य सचिव कुंजी लाल मीणा सहित बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.