Download App Now Register Now

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन

जोधपुर (राजीव गौड़)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाई दूज के पावन पर्व पर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित प्रसिद्ध तनोट माता मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) की महिला जवानों के बीच पहुंचकर भाई दूज का पर्व मनाया। महिला जवानों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने भी सीमा पर तैनात जवानों के शौर्य, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया।

तनोट पहुंचने पर मुख्यमंत्री को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलीकॉप्टर से तनोट पहुंचे, जहां पुलिस-प्रशासन और बीएसएफ के अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। तनोट माता मंदिर परिसर में बीएसएफ की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता के दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

BSF की महिला जवानों ने बांधा रक्षा सूत्र

भाई दूज के अवसर पर मुख्यमंत्री बीएसएफ की महिला जवानों के बीच पहुंचे। यहां महिला जवानों ने भाई दूज की परंपरा निभाते हुए मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। इस आत्मीय पल में मुख्यमंत्री भावुक और अभिभूत नजर आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर तनोट माता के दर्शन का सौभाग्य मिला है, वहीं दूसरी ओर अपनी बहनों का आशीर्वाद लेने का अवसर भी प्राप्त हुआ है। यह उनके लिए हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने सीमा प्रहरियों के समर्पण और देश की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की।

सीमा सुरक्षा के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए युवा, महिला, किसान और मजदूर सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के सशक्तीकरण की बात कही। उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यों में राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा क्षेत्र में पानी की समस्या सामने आने पर राज्य सरकार ने पूर्व में भी तत्काल बजट स्वीकृत किया था। सीमा पर तैनात जवानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रदेश सरकार केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी।

BSF IG विकास पाठक ने जताया आभार

मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद बीएसएफ के आईजी विकास पाठक ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने मुख्यमंत्री के तनोट आगमन और बीएसएफ जवानों के साथ भाई दूज मनाने पर आभार जताया। साथ ही सीमा क्षेत्र में स्थित बीएसएफ की विभिन्न चेक पोस्ट पर आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी सीमा प्रहरियों के लिए सम्मान और उत्साह बढ़ाने वाला अवसर है।

1965 और 1971 के युद्ध से जुड़ी जानकारी भी ली

तनोट माता मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने बीएसएफ अधिकारियों से सीमा क्षेत्र की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इसके अलावा मंदिर संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 1965 और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान पाकिस्तान की ओर से गिराए गए जिंदा बमों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मंदिर परिसर में विधिवत रुमाल बांधकर अपनी आस्था प्रकट की।

इस दौरान तनोट मंदिर में बढ़ती पर्यटकों की संख्या, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटू सिंह सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं बीएसएफ आईजी विकास पाठक सहित अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था, भाई-बहन के स्नेह और देश की सीमाओं की रक्षा में जुटे जवानों के सम्मान का प्रतीक बना।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन | एयरटेल रिचार्ज प्लान: 349 रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं! एयरटेल ने वापस लॉन्च किया 299 रुपये वाला प्लान, जानें क्या मिलेंगे फायदे |