राजस्थान के कोटा जिले के अयाना थाना क्षेत्र के लुहावद गांव की गणेश कॉलोनी में पानी निकासी को लेकर चल रहे पुराने पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक घटना का रूप ले लिया। बुधवार देर रात कथित तौर पर शराब के नशे में धुत सुमेर राठी ने अपने ही भतीजे 22 वर्षीय लखन राठी को क्रूजर वाहन से दो बार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत इटावा चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर अयाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बाद में कोटा से एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार एक ही मकान के अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं और पिछले करीब दो वर्षों से नाली और पानी निकासी को लेकर लगातार विवाद और कहासुनी की स्थिति बनी हुई थी, जो धीरे-धीरे इस बड़ी वारदात में बदल गई।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.