सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में शनिवार को दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर खिजूरी के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में चल रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से टकरा गया और पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में ट्रक पूरी तरह लपटों में घिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के दौरान ट्रक के केबिन में चालक और खलासी फंस गए थे, लेकिन उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए शीशा तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दोनों को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें सवाई माधोपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में मिर्ची की बोरियां और अन्य पार्सल लदे हुए थे, जो आग लगते ही तेजी से जलने लगे। वाहन में आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही समय में पूरा कंटेनर जलकर राख हो गया। ट्रक हैदराबाद से अंबाला जा रहा था और यह टीसीएल एक्सप्रेस कंपनी का बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें रखा अधिकांश माल पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
रवंजना डूंगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सुरक्षा कारणों से एक्सप्रेस-वे पर यातायात को अस्थायी रूप से एक लेन से संचालित किया गया, जिससे लंबा जाम लग गया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाकर यातायात को सामान्य किया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक के पलटने के बाद ईंधन रिसाव और घर्षण से आग लगना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.