जयपुर। राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) जल्द ही करीब 9 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इनमें बेसिक कंप्यूटर ऑपरेटर, सीनियर कंप्यूटर ऑपरेटर और फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर (PTI) के पद शामिल हैं। इन भर्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया मई के अंत या जून महीने से शुरू होने की संभावना है, जबकि परीक्षाओं का आयोजन अगस्त और सितंबर में किया जाएगा।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि बोर्ड स्तर पर इन भर्तियों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भर्ती प्रक्रिया में 18 से 40 वर्ष तक के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। वहीं आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती का विज्ञापन इसी महीने जारी किया जा सकता है। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया मई के अंतिम सप्ताह या जून की शुरुआत में शुरू होगी। वहीं PTI भर्ती का नोटिफिकेशन जून में जारी होने की संभावना है और उसी महीने आवेदन लिए जाएंगे।
इन भर्तियों के अलावा राजस्थान सरकार पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती का नोटिफिकेशन भी जल्द जारी कर सकती है। वहीं सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर भी विभागीय स्तर पर मंथन चल रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इन विभागों में भी बड़ी संख्या में रिक्त पदों पर भर्ती निकाली जा सकती है।
इस बीच राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने समान पात्रता परीक्षा (CET)-2026 की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। इस बार CET परीक्षा में बड़ा बदलाव करते हुए नेगेटिव मार्किंग लागू करने की तैयारी है। इसके साथ ही स्नातक स्तर CET परीक्षा नवंबर 2026 और सीनियर सेकेंडरी स्तर परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित की जा सकती है।
राज्य में एक साथ हजारों पदों पर भर्ती निकलने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने में मदद मिलेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.