जयपुर। राजधानी जयपुर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और यातायात दबाव को कम करने के लिए प्रदेश सरकार और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बड़ी योजना तैयार की है। शहर के कई प्रमुख चौराहों और तिराहों पर स्लिप लेन और फ्री लेफ्ट टर्न सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे लालबत्ती पर वाहनों की लंबी कतारों को कम करने और यातायात को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।
हाल ही में जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जेडीए, नगर निगम, यातायात पुलिस, परिवहन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में शहर के ट्रैफिक सुधार को लेकर कई अहम फैसले किए गए।
इसके अलावा गांधी पथ पुलिया, धावास पुलिया, आम्रपाली पुलिया, वैशाली पुलिया, सिरसी पुलिया, धोबी घाट सर्किल, वनस्थली मार्ग और आमेर रोड स्थित न्यू रामगढ़ रोड चौराहे पर भी फ्री लेफ्ट टर्न सुविधा विकसित की जाएगी।
ट्रैफिक जाम कम करने के लिए शहर के कई स्थानों पर मीडियन कट बंद करने का निर्णय लिया गया है। बजाज नगर रोड पर मौजूद 9 कट में से 5 बंद किए जाएंगे। वहीं महल रोड, गांधी सर्किल, अरण्य भवन, बालाजी तिराहा और पारीक कॉलेज रोड पर भी कुछ कट बंद करने की तैयारी है।
सी-स्कीम इलाके में लगातार ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए रमेश मार्ग और युधिष्ठिर मार्ग को जोड़ने के लिए नाले पर पुल बनाया जाएगा। इससे दोनों मार्गों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा और यातायात का दबाव कम होगा।
टोंक रोड पर गांधी नगर रेलवे स्टेशन के सामने नया मीडियन कट खोला जाएगा, ताकि स्टेशन जाने वाले वाहनों को बार-बार यू-टर्न न लेना पड़े और ट्रैफिक बाधित न हो।
सीकर रोड स्थित टोड़ी मोड़ पर नया ट्रैफिक सिग्नल स्थापित किया जाएगा। यह तिराहा चौमूं, जयपुर और ट्रांसपोर्ट नगर को जोड़ता है, जहां प्रतिदिन करीब 1.8 से 2 लाख वाहनों की आवाजाही होती है।
इन फैसलों का उद्देश्य जयपुर में यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाना, जाम की समस्या कम करना और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में इन योजनाओं के लागू होने से राजधानी के ट्रैफिक प्रबंधन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.